नववर्ष की शुभकामनाएँ
नूतन वर्ष का स्वागत हर्षोल्लास से कीजिए
पुरानी भूलों को सुधार कर जीवन सरल कीजिए।
नए संकल्प लीजिए,कुछ नया सीखिए,
भीतर छुपी प्रतिभा को फिर से पहचान लीजिए।
धन दौलत भी ज़रूरी है इसमें कोई संदेह नहीं
पर रोगी काया सुख न भोगे,इतना समझ लीजिए।
दिन के चौबीस घंटों में स्वास्थ्य को स्थान दीजिए,
व्यायाम,खानपान,स्वच्छता पर विशेष ध्यान दीजिए।
प्रकृति से बस प्रेम करें,मूक जीवों पर दया करें
जिन्हें तुम पसंद नहीं,उन्हें क्षमा करें,आगे बढ़ें।
औरों पर कोई वश नहीं, ख़ुद पर तो हमारा वश है,
तो बदलाव के लिए प्रतीक्षा नहीं,स्वयं पहल कीजिए।
सीमा पर बलिदान का अवसर सबको मिलता नहीं,
सच्ची निष्ठा से कर्तव्य निभाकर योगदान दीजिए।
कोई नई राह,कोई नया लक्ष्य अवश्य निर्धारित कीजिए,
समाज और राष्ट्र के लिए मंगल कामना कीजिए।
सद् विचारों से सबको शुभकामनाएँ दीजिए,
नूतन वर्ष का स्वागत हर्षोल्लास से कीजिए।
- संध्या जैन
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें